NRI SANJH JALANDHAR (26 MARCH)
अमेरिका के मैरीलैंड प्रांत के बाल्टीमोर शहर में फ्रांसिस स्कॉट ब्रिज से एक जहाज टकरा गया। इससे यह ब्रिज टूट कर नदी में गिर गया। इस दुर्घटना में कई लोग नदी में समा गए। राहत और बचाव टीमें इस जगह पर पहुँच कर लोगों को बचाने और नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार बाल्टीमोर शहर में पताप्स्को नदी पर बने हुए इस फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज से मंगलवार रात 1:27 मिनट (स्थानीय समय) पर यह बड़ा जहाज टकराया। यह जहाज बड़ी मात्रा में माल लेकर नदी पार कर रहा था। जहाज के टकराने के कुछ ही देर के बाद यह ब्रिज भरभरा कर कर गिर गया।
इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें दिखता है कि एक जहाज इस ब्रिज के एक पिलर से आकर टकराता है और कुक सेकंड में एक-एक करके ब्रिज के हिस्से नदी में गिरने लगते हैं। इसके बाद पूरा ब्रिज नदी में समा जाता है। बताया गया है कि इस ब्रिज के गिरने के कारण कई गाड़ियाँ और इस ब्रिज पर काम कर रहे कई लोग नदी में समा गए। यहाँ पहुँची राहत एवं बचाव टीमें लगातार लोगों को ढूँढने में जुटी हुई हैं। राहत और बचाव टीम 7 लोगों को इस नदी और मलबे के बीच ढूंढ रही हैं। इनके इस नदी में समाने की सूचना है। दो लोगों को बचाया भी गया है।
जो जहाज इस ब्रिज से टकराया वह शहर से बाहर की तरफ जा रहा था। लगभग 950 फीट लम्बे इस जहाज का नाम डाली था। यह सामान लेकर श्रीलंका के कोलम्बो जा रहा था। इस जहाज का संचालन मेर्स्क नाम की कम्पनी करती है। यह दुनिया की बड़ी जहाज कम्पनियों में से एक है।
जानकारी के अनुसार, इस जहाज पर 22 लोग थे। कम्पनी ने इस बात की पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में जहाज पर सवार कोई भी कामगार घायल नहीं हुआ है। जहाज ब्रिज से टकराने के बाद पानी में खड़ा है। उसके आसपास राहत बचाव टीमे पहुंच रही हैं। अभी दुर्घटना के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।


