अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैंपेन से जुड़ा एक टिकटॉक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नाम की स्पेलिंग गलत लिखी गई थी, जिसके बाद वीडियो को डिलीट कर दिया गया। द मिरर US की रिपोर्ट के अनुसार, इस वीडियो में डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग ट्रंप के हालिया चीन दौरे के दौरान रेड कार्पेट पर साथ चलते दिखाई दे रहे थे।
विवाद वीडियो में इस्तेमाल किए गए टेक्स्ट को लेकर शुरू हुआ. वीडियो में ट्रंप को राष्ट्रपति ट्रंप लिखा गया था, लेकिन शी जिनपिंग का नाम कथित तौर पर राष्ट्रपति Zi लिखा गया। दोनों नेताओं के नाम के साथ हैंडशेक वाला इमोजी भी लगाया गया था. सोशल मीडिया यूजर्स ने जैसे ही इस गलती को नोटिस किया, वीडियो के स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल होने लगे।
एक्स पर हेडक्वार्टर नाम के अकाउंट ने सबसे पहले इस टाइपो की ओर ध्यान दिलाया. इसके बाद कई लोगों ने ट्रंप कैंपेन की आलोचना की और मजाक उड़ाया. एक यूजर ने लिखा कि इसमें ट्रंप प्रशासन की लापरवाही और नाकाबिलियत साफ दिखती है. हालांकि, ट्रंप कैंपेन और टिकटॉक की तरफ से इस गलती या वीडियो हटाने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।


