पंजाब पुलिस ने एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए लुधियाना से दो खतरनाक आरोपी गिरफ्तार किए हैं, जो विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर टारगेट किलिंग की योजना बना रहे थे। यह कार्रवाई स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), एसएएस नगर द्वारा काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना के साथ संयुक्त ऑपरेशन में की गई।
आरोपियों से एक 9 एमएम पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए है।इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, एसएएस नगर ने काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी यूके और जर्मनी में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जो खालिस्तान कमांडो फोर्स से जुड़े हुए हैं और कट्टरपंथी विचारधारा से संबंधित हैं।डीजीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर साजिश के हिस्से के रूप में लुधियाना में सरकारी और प्रमुख दफ्तरों की रेकी की थी।
इसके अलावा, दोनों को कुछ अन्य निर्धारित व्यक्तियों से संबंधित जानकारी एकत्र करने और आधारभूत कार्यों की जिम्मेदारी भी दी गई थी। थाना एसएसओसी, एसएएस नगर में एफआईआर दर्ज की गई है। आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पंजाब के लोगों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


