आज आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हैदराबाद-बेंगलुरू हाईवे पर एक बस हादसे का शिकार हो गई, जिसकी वजह से अभी तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। यह भीषण दुर्घटना कुरनूल जिले के कल्लूर मंडल के चिन्नाटेकुर गांव के पास हुई, जब एक निजी वोल्वो बस में आग लग गई। बस बेंगलुरु से हैदराबाद जा रही थी।इसी बीच अचानक से बस में आग की लपटें उठी।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा, “इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.” प्रधानमंत्री ने मुआवजा राशि की भी घोषणा की।उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में आग लगने की दुखद घटना में हुई जान-माल का नुकसान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.” ।


