चीन के पूर्व कृषि और ग्रामीण मंत्री तांग रेजजियान को जिलिन प्रांत की इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट ने भ्रष्टाचार के मामले में मौत की सजा सुनाई है. अदालत ने पाया कि तांग ने 2007 से 2024 तक विभिन्न पदों पर रहते हुए 26.8 करोड़ युआन (करीब 3.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर) की रिश्वत ली
यह रिश्वत नकद और संपत्ति दोनों के रूप में थी. अदालत के अनुसार, उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर केंद्रीय और स्थानीय स्तर पर कई फायदे पहुंचाए और इसके बदले भारी रकम और कीमती सामान लिए.हालांकि अदालत ने तांग की मौत की सजा को दो साल के लिए निलंबित कर दिया है. इसका मतलब है कि यदि वह जेल में अच्छा व्यवहार करते हैं तो उनकी सजा उम्रकैद में बदली जा सकती है.अदालत ने आदेश दिया है कि तांग की सारी संपत्ति जब्त की जाएगी
रिश्वत से अर्जित अवैध लाभ को राष्ट्रीय खजाने में जमा कराया जाएगा.तांग को आजीवन राजनीतिक अधिकारों से वंचित कर दिया गया है.मुकदमे के दौरान तांग रेजजियान ने अपने अपराध को स्वीकार किया और खेद जताया. नवंबर 2024 में ही चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ने उन्हें भ्रष्टाचार की जांच के बाद निष्कासित कर दिया था।
चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 2012 में सत्ता संभालने के बाद एक व्यापक भ्रष्टाचार विरोधी अभियान शुरू किया था. इस अभियान के तहत अब तक 10 लाख से अधिक अधिकारियों को दंडित किया जा चुका है. इसमें कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं.


