NRI SANJH JALANDHAR (24 NOVEMBER)
आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन का रविवार को पहला दिन है। सऊदी अरब के जेद्दाह के अबदी अल जोहार एरिना में भारतीय समय के मुताबिक, रविवार दोपहर 3.30 बजे से ऑक्शन शुरू होगा। नीलामी सोमवार को भी जारी रहेगी। कुल 577 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। कुल 10 टीमों में 201 स्लॉट खाली हैं। सभी 10 फ्रेंचाइजी ने 31 अक्टूबर की डेडलाइन से पहले कुल 46 खिलाड़ियों को रिटेन किया था।
IPL 2025 Mega Auction में 366 भारतीय जबकि 208 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। तीन प्लेयर्स एसोसिएट टीमों से हैं, जिसमें अमेरिका से अली खान, उन्मुक्त चंद और स्कॉटलैंड के ब्रैंडन मक्मलेन का नाम शामिल है। आईपीएल की 10 टीमों के पास कुल 641.5 करोड़ रुपये का पर्स है।
किस टीम के पास कितना पर्स?
पंजाब किंग्स सबसे बड़ी राशि के साथ नीलामी में उतरेगी जबकि राजस्थान रॉयल्स के लिए मेगा नीलामी में केवल 44 करोड़ रुपये उपलब्ध होने के कारण अपनी टीम बनाने की बड़ी चुनौती होगी। बीसीसीआई ने ऑक्शन लिस्ट में इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर, यूएसए के सौरभ नेत्रवलकर और मुंबईकर हार्दिक तमोर के रूप में तीन क्रिकेटरों को भी शामिल किया है।
किस पर सबसे पहले बोली लगेगी?
आईपीएल 2025 ऑक्शन की शुरुआत मार्की खिलाड़ियों से होगी। इन खिलाड़ियों को दो ग्रुप में बांटा गया है। मार्की प्लेयर्स के पहले सेट में ये खिलाड़ी रहेंगे- जोस बटलर, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह और मिचेल स्टार्क हैं। दूसरे मार्की सेट में युजवेंद्र चहल, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मिलर, केएल राहुल, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज रहेंगे। इन्हीं खिलाड़ियों पर सबसे पहले बोली लगेगी।
पंत और श्रेयस पर रहेगी नजर
आईपीएल नीलामी के दौरान श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत पर सबकी निगाहें रहेंगी। पंत को दिल्ली कैपिटल्स ने रिटेन नहीं किया जबकि पिछले साल केकेआर को चैंपियन बनाने वाले कप्तान श्रेयस को भी फ्रेंचाइजी ने बरकरार नहीं रखा। इन दोनों पर मेगा ऑक्शन में बड़ी बोली लग सकती है। कई टीमों को कप्तानों की जरूरत है। इसमें पंजाब किंग्स, आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमें हैं, जो इनपर मोटी रकम खर्च कर सकते हैं।


