NRI SANJH JALANDHAR (23 NOVEMBER)
पंजाब की 4 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में 3 सीटें आम आदमी पार्टी (AAP) ने जीत लीं। इनमें होशियारपुर जिले के चब्बेवाल से डॉ. इशांक कुमार, गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक से गुरदीप सिंह रंधावा और मुक्तसर के गिद्दड़बाहा सीट से हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों जीते।
वहीं एक सीट बरनाला में कांग्रेस के कुलदीप सिंह काला ढिल्लों जीते। यह सीट संगरूर से AAP सांसद बने गुरमीत सिंह मीत हेयर का गढ़ रही। वे लगातार 2 बार यहां से चुनाव जीते थे लेकिन इस बार अपने करीबी को टिकट दिलाने के चक्कर में पार्टी में फूट पड़ गई।
वहीं चुनाव में कांग्रेस के 2 सांसदों की पत्नियों को हार का सामना करना पड़ा। डेरा बाबा नानक में गुरदासपुर से सांसद की पत्नी जतिंदर कौर को गुरदीप सिंह रंधावा ने हराया। वहीं गिद्दड़बाहा में लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की पत्नी अमृता वड़िंग को हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों ने हराया।
चब्बेवाल में AAP के इशांक कुमार ने 28,690 वोटों से कांग्रेस के रणजीत कुमार को हराया है। ये चारों सीटों में सबसे बड़ी जीत है। इशांक होशियारपुर लोकसभा सीट से सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल के बेटे हैं। यहां शुरूआत में ही एकतरफा लीड देख कांग्रेस उम्मीदवार रणजीत कुमार ने मतगणना केंद्र छोड़ दिया था।
बरनाला में AAP को बगावत से नुकसान बरनाला सीट पर AAP को टिकट वितरण के बाद गुरदीप बाठ की बगावत से नुकसान हुआ। बाठ ने टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा। उन्हें चुनाव में 16,899 वोट मिले, जबकि AAP उम्मीदवार की हार का अंतर करीब 2 हजार वोटों का रहा। यहां से कांग्रेस के कुलदीप सिंह काला ढिल्लों जीते, जिन्हें 28,254 वोट मिले। दूसरे नंबर पर रही AAP के हरिंदर सिंह धालीवाल को 26,097, BJP के केवल सिंह ढिल्लों को 17958 वोट मिले।
BJP को झटका, कहीं भी मुकाबले में नहीं दिखी उपचुनाव वाली चारों सीटों पर BJP को झटका लगा। वह किसी भी सीट पर दूसरे नंबर पर तक नहीं आ सकी। गिद्दड़बाहा सीट से 2 बार के वित्तमंत्री रहे मनप्रीत बादल तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें बादल परिवार की विरासत का भी फायदा नहीं मिला। बरनाला में 2 बार के विधायक रहे केवल ढिल्लो भी हार गए। वह तीसरे नंबर पर रहे। डेरा बाबा नानक और चब्बेवाल में भी भाजपा बुरी तरह से पिछड़ गई।
2022 में 3 सीटें कांग्रेस, 1 AAP जीती थी बता दें कि 2022 में इन चारों सीटों में 3 सीटें कांग्रेस और एक पर AAP जीती थी। हालांकि बरनाला से विधायक गुरमीत मीत हेयर संगरूर से लोकसभा चुनाव जीत गए। इसी तरह गिद्दड़बाहा से जीते राजा वड़िंग लुधियाना और डेरा बाबा नानक से जीते सुखजिंदर रंधावा गुरदासपुर से चुनाव जीतकर सांसद बन गए। चब्बेवाल से विधायक डॉ. राजकुमार चब्बेवाल ने कांग्रेस से जीते थे, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए, जिसके बाद वह होशियारपुर से सांसद बन गए।


