गुरदासपुर के थाना सदर के अंतर्गत आने वाले गांव चोर सिद्धवां में मौजूदा सरपंच मनजिंदर सिंह के घर के बाहर देर रात दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों द्वारा गोलीबारी की घटना सामने आई है।जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए। उनमें से एक उतरकर सरपंच के घर के गेट के ठीक सामने आकर खड़ा हो गया और लगातार फायरिंग शुरू कर दी।
सरपंच के घर के गेट पर दो गोली के निशान दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिस ने मौके से चार खोखे भी बरामद किए हैं।सरपंच मनजिंदर सिंह ने बताया कि वे रात करीब 12 बजे घर पहुंचे थे। डेढ़ बजे के आसपास उन्हें आवाज सुनाई दी, लेकिन उन्होंने इसे पटाखे चलने की आवाज समझकर अनदेखा कर दिया। सुबह जब वे उठे तो घर के अंदर दो गोली के छेद नजर आए।
इसके बाद उन्होंने थाना सदर पुलिस को सूचित किया।सरपंच मनजिंदर सिंह ने कहा कि न तो उन्हें कभी फिरौती के लिए कोई फोन आया है और न ही उनकी किसी से ऐसी दुश्मनी है कि कोई गोलीबारी करे।मौके पर डीएसपी शाहबाज सिंह और थाना सदर गुरदासपुर के पुलिस अधिकारी पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। गोलीबारी करने वालों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।


