मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच पाकिस्तान और इजरायल के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इजरायल को लेकर बड़ा बयान दिया, जिसके बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने तीखी प्रतिक्रिया दी। ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब इस्लामाबाद में शांति वार्ता की तैयारी हो रही है, उसी समय लेबनान में लोगों की हत्या हो रही है।
उन्होंने इजरायल पर आरोप लगाया कि गाजा, ईरान और अब लेबनान में निर्दोष लोगों का खून बहाया जा रहा है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इजरायल को अभिशाप बताते हुए उसकी तुलना कैंसर से की। उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने कैंसर जैसा देश बनाया है, वे उम्मीद करते हैं कि वो नर्क की आग में जलें.’
हालांकि, बाद में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने इजरायल के खिलाफ दिए गए कैंसर वाले बयान समेत उन्हें नर्क में जला देने वाले ट्वीट को डिलीट कर दिया है।आसिफ के बयान पर इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कड़ी आपत्ति जताई।उन्होंने इसे अस्वीकार्य बताया और कहा कि किसी भी सरकार की ओर से इस तरह की बात बर्दाश्त नहीं की जा सकती,
खासकर उस देश से जो खुद को शांति प्रक्रिया का हिस्सा बता रहा है।इजरायल के विदेश मंत्री गिडियन सार ने भी पाकिस्तान की आलोचना की।उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान खतरनाक हैं और इससे इजरायल के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने साफ किया कि इजरायल अपनी सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।


