लुधियाना में 18 साल की लड़की रोशनी की संदिग्ध हालात में मौत के आज परिवार वालों ने रोष प्रदर्शन किया।परिवार वालों ने फैक्ट्री मालिक और कॉन्ट्रैक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सुसाइड नहीं बल्कि मर्डर बताया है। जानकारी के मुताबिक, रोशनी एक फैक्ट्री में पैकर का काम करती थी और वह कॉन्ट्रैक्टर रोहित के अंडर काम कर रही थी।
परिवार वालों का आरोप है कि रोशनी की मौत के पीछे फैक्ट्री मालिक और कॉन्ट्रैक्टर का हाथ है। परिवार वालों का कहना है कि रोशनी सुसाइड नहीं कर सकती क्योंकि उसने घर पर कभी किसी तरह की परेशानी के बारे में बात नहीं की। मामले से गुस्साए परिवार और रिश्तेदारों ने लुधियाना के सिविल हॉस्पिटल के बाहर जमकर हंगामा किया, सड़क जाम की और इंसाफ के लिए प्रदर्शन किया।
परिवार का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही की वजह से अभी तक किसी भी आरोपी के खिलाफ सख्त एक्शन नहीं लिया गया है और फैक्ट्री भी दोबारा खोल दी गई है। बताया जा रहा है कि घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें रोशनी की बॉडी पंखे से लटकी हुई दिख रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखा हुआ है।


