राज्य सरकार ने कैबिनेट स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, यह बदलाव पंजाब कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री संजीव अरोड़ा और डॉ. रवजोत सिंह के विभागों में किया गया है।जानकारी के मुताबिक, अब कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को लोकल बॉडीज विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह विभाग शहरी विकास, नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों से संबंधित एक बेहद महत्वपूर्ण विभाग माना जाता है। इससे संजीव अरोड़ा की भूमिका अब शहरी विकास से जुड़े अहम फैसलों में और बढ़ गई है।दूसरी ओर, कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत सिंह को एनआरआई विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
एनआरआई विभाग विदेशों में रहने वाले पंजाबियों से जुड़े मामलों, निवेश, शिकायत निवारण और उनके हितों की रक्षा से संबंधित कामकाज देखता है। डा. रवजोत सिंह को यह जिम्मेदारी देना सरकार की एनआरआई नीति को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि सरकार ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने तथा विभागों के कामकाज में तेजी लाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया है। सूत्रों के अनुसार, पंजाब सरकार की ओर से इस फेरबदल को लेकर जल्द ही आधिकारिक अधिसूचना जारी की जा सकती है और संभावना है कि कुछ ही समय में इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।


