शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी द्वारा दिल्ली विधानसभा में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘आप’ नेताओं की नीच मानसिकता का प्रकटीकरण करार दिया है।
एडवोकेट धामी ने कहा कि दिल्ली की ‘आप’ नेता आतिशी द्वारा दिया गया बयान सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, जिसे सिख कौम कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने धर्म की रक्षा के लिए दिल्ली में शहादत दी।
दिल्ली की विधानसभा में विपक्षी दल की नेता द्वारा गुरु साहिब के प्रति अत्यंत अपमानजनक शब्दावली का प्रयोग करना जहां दुर्भाग्यपूर्ण है, वहीं यह आम आदमी पार्टी की संकीर्ण सोच का भी प्रकटीकरण है।शिरोमणि कमेटी प्रधान ने मांग की कि विपक्षी दल की नेता आतिशी की सदस्यता तुरंत रद्द की जाए। उन्होंने आम आदमी पार्टी की लीडरशिप से भी सवाल किया कि क्या वे अपने इस नेता के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।


