मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह नई योजना इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी। इस योजना से घर-घर तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डा. बलवीर सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से 15 जनवरी को ‘मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना’ की शुरुआत की जा रही है।
डा. बलवीर सिंह ने दावा किया कि इस योजना के लॉन्च होने से पंजाब के 3 करोड़ लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अगले तीन-चार महीनों के दौरान पंजाब वासियों के कैशलेस बीमा कार्ड बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के साथ पंजाब सरकार का समझौता हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को अब 10 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त में प्राप्त होगा।पंजाब का हर निवासी इस स्कीम का लाभ लेने का हकदार होगा। यह योजना पूरी तरह कैशलेस बीमा स्वास्थ्य योजना के तहत होगी, जिससे मरीजों को इलाज के दौरान नकदी भुगतान से मुक्ति मिलेगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है।


