पहाड़ों से आने वाली कोल्ड वेव के कारण पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ेगी। न्यू ईयर की शुरुआत में चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में ठंड का प्रभाव और बढ़ेगा। हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। इसका असर सिर्फ पहाड़ी इलाकों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब-चंडीगढ़ के साथ-साथ हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान तक ठंडी हवाएं पहुंचेंगी।
मौसम विभाग के अनुसार, ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद वहां से चलने वाली कोल्ड वेव का असर पूरे उत्तर भारत में देखने को मिलेगा। हिमाचल के कई शहरों में अगले पांच दिनों के दौरान रात के तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसी तरह पंजाब और चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
लाहौल-स्पीति के ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और भी तीखी रहने की संभावना है, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 10 से माइनस 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। फिलहाल शिमला, मनाली, चंडीगढ़ और जालंधर समेत ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, लेकिन बर्फबारी के बाद यह सामान्य से काफी नीचे चला जाएगा। इसका मतलब है कि नए साल की शुरुआत कड़ाके की सर्दी के साथ होने की पूरी संभावना है।


