पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने न्यूजीलैंड में नगर कीर्तन घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना पहले कभी सुनने में नहीं आई। यह घटना बहुत ही अफसोसजनक है। सीएम मान ने कहा कि भारत सरकार को चाहिए कि वह इस मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यूजीलैंड सरकार से बातचीत करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जरूरत पड़ी तो केंद्र सरकार से भी बात की जाएगी और आवश्यकता हुई तो न्यूजीलैंड के राजदूत को बुलाकर भी विचार-विमर्श किया जाना चाहिए। भगवंत मान ने कहा कि सिख कौम हमेशा ‘सर्बत दा भला’ की भावना से जीवन गुजारती आई है। हर व्यक्ति को अपनी धार्मिक समारोह और परंपराओं को मनाने का पूरा हक है।
पंजाबी जहां भी जाते हैं, उस देश की तरक्की में अपना योगदान देते हैं।बता दें कि न्यूजीलैंड के साउथ ऑकलैंड में 20 दिसंबर शांतिपूर्ण सिख नगर कीर्तन को स्थानीय प्रदर्शनकारियों (डेस्टिनी चर्च से जुड़े ग्रुप) ने रोकने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारियों ने हाका नृत्य किया और बैनर पर लिखा था “यह न्यूजीलैंड है, भारत नहीं”। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली और कोई हिंसा नहीं हुई। इस घटना की भारत में कई नेताओं और संगठनों ने निंदा की है।


