श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण आरएफआईडी कार्ड की वैधता में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब श्रद्धालुओं को आरएफआईडी कार्ड लेने के 10 घंटे के अंदर बाणगंगा, ताराकोट सहित हेलीपैड जैसे प्रवेश द्वार पार करने होंगे, अन्यथा उनका आरएफआईडी कार्ड वैध नहीं माना जाएगा।
श्राइन बोर्ड द्वारा जारी आदेशों के अनुसार आरएफआईडी कार्ड यात्रा मार्ग पर प्रवेश करने के बाद 24 घंटे तक वैष्णो देवी भवन में दर्शन के लिए वैध रहेगा। इससे पहले आरएफआईडी कार्ड लेने के 12 घंटे तक यात्रा मार्ग पर प्रवेश करने का समय मिलता था, लेकिन अब बोर्ड ने इसे घटाकर 10 घंटे कर दिया है।
श्राइन बोर्ड द्वारा हाल ही में जारी आदेशों के तहत आरएफआईडी काउंटर के समय में भी बदलाव किया गया था। इसके तहत ताराकोट काउंटर पर 24 घंटे आरएफआईडी कार्ड उपलब्ध हो रहा है, जबकि रेलवे स्टेशन पर रात 12 बजे तक आरएफआईडी कार्ड की सुविधा मिलेगी।
वहीं ऑनलाइन बुकिंग करवा कर कटरा पहुंचे श्रद्धालु बाणगंगा काउंटर पर रात के समय भी यहां से आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। बताने योग्य है कि वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान आरएफआईडी कार्ड लेना अनिवार्य है। बिना कार्ड के किसी भी श्रद्धालु को यात्रा मार्ग पर जाने की इजाजत नहीं दी जाती।


