पंजाब पुलिस ने कबड्डी खिलाड़ी की हत्या में शामिल गैंगस्टर हरपिंदर सिंह उर्फ मिद्दू का एनकाउंटर किया है। मोहाली के एसएसपी ने उसकी मौत की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक यह गैंगस्टर कबड्डी खिलाड़ी कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या की साजिश में शामिल था।
हालांकि यह शूटर्स में नहीं था। घायल गैंगस्टर हरपिंदर सिंह उर्फ मिद्दू तरन तारन का रहने वाला था। इसका पीछा करते वक्त दो पुलिस के जवान भी घायल हुए हैं।सोमवार को मोहाली में एक टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए अपनी टीम के साथ पहुंचे कबड्डी खिलाड़ी कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बालाचौरिया पर हमलावरों ने गोली चलाई थी।
हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि यह घटना मोहाली के सोहाना में हुई, जहां पिछले कुछ दिनों से एक निजी कबड्डी टूर्नामेंट चल रहा था।
उन्होंने बताया कि हमलावर गोलियां चलाने के बाद मोटरसाइकिल से फरार हो गए।मोहाली पुलिस ने दो शूटर समेत इस मामले के तीन संदिग्धों की पहचान कर ली है।पुलिस ने कहा कि ये तीनों एक गिरोह से जुड़े हैं जिसने हत्या की साजिश रची थी। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह कबड्डी टूर्नामेंटों पर अपना दबदबा कायम करना चाहता था और खिलाड़ी को जेल में बंद गैंगस्टर जग्गु भगवानपुरिया का करीबी मानता था।


