पंजाब के लोगों को भी अगले दिनों में कड़ाके की ठंड, सुबह की धुंध वाली सड़कों और तीखी सर्दी के लिए तैयार रहना पड़ेगा क्योंकि,हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की संभावना के मद्देनजर यहां ठंड बढ़ने वाली है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने अभी-अभी हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में 4 और 5 दिसंबर को बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की है।
उत्तर भारत में सर्दी पहले ही काफी बढ़ चुकी है, और अब एक नई पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हिमाचल के मध्य और ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। इससे अलावा, हफ्ते के बाकी दिनों के दौरान ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
आईएमडी चंडीगढ़ ने पहले ही 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक जालंधर, मोगा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, बठिंडा, मुक्तसर और फाजिल्का जिलों के लिए कोल्ड वेव का पीला अलर्ट जारी कर चुका है। फरीदकोट में राज्य का सबसे कम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अमृतसर, पटियाला, लुधियाना, पठानकोट और बठिंडा में भी ठंड के बढ़ते प्रभाव के कारण तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई।


