मध्य प्रदेश में जानलेवा ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप पीने से 20 मासूम बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कई हफ़्तों की तलाश के बाद, मध्य प्रदेश पुलिस की विशेष जाँच टीम ने दवा कंपनी श्रीसन मेडिकल्स के मालिक एस. रंगनाथन को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया है।
रंगनाथन अपनी पत्नी के साथ फरार था और उस पर 20,000 रुपये का इनाम भी घोषित था।यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब मध्य प्रदेश में इस ज़हरीले कफ सिरप से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है।
पिछले 24 घंटों में तीन और बच्चों की मौत हो गई है, जिससे मरने वालों की कुल संख्या 20 हो गई है।रंगनाथन को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस की 12 सदस्यीय एसआईटी की दो टीमें चेन्नई और कांचीपुरम में डेरा डाले हुए थीं।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर एसआईटी ने रंगनाथन को चेन्नई के अशोक नगर थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया।


