लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीम राव अंबेडकर की मूर्ति के अपमान के विरोध में दलित समुदाय ने आज (10 सितंबर) जालंधर बंद का आह्वान किया है। इस दौरान सुबह से ही बंद का असर देखा गया। जालंधर के मशहूर मार्केट रैनक बाजार में ज़्यादातर दुकानें बंद रहीं। भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने बंद का ऐलान किया है।
शहर के सभी मार्केट, गली, मोहल्ले, सरकारी ऑफिस और बैंक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेंगे। गौरव ने कहा कि जनता को होने वाली परेशानी को देखते हुए हाईवे बंद नहीं किए जाएंगे। इसके अलावा इमरजेंसी सेवाओं के लिए मेडिकल स्टोर और अस्पताल खुले रह सकते हैं। बच्चों के एग्जाम के कारण स्कूल और कॉलेज भी बंद नहीं किए गए हैं।
मुख्य विरोध जालंधर के डॉ. भीम राव अंबेडकर चौक पर हो रहा है। इसके अलावा संगठनों के सदस्य दुकानें बंद रखने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जालंधर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले मार्केट रैनक मार्केट के व्यापारियों से समर्थन मिला है। दूसरे मार्केट के दुकानदारों को भी अपनी दुकानें बंद करके सहयोग करना चाहिए।
आपको बता दें कि ‘भीम क्रांति सेना’ के प्रेसिडेंट गौरव ने आरोप लगाया कि कुछ पॉलिटिकल पार्टियां अपनी पॉलिटिक्स चमकाने के लिए ऐसी घटनाएं करवा रही हैं और पुलिस सही सिक्योरिटी इंतज़ाम नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि बंद का फैसला दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी न होने के विरोध में लिया गया है
और अगर पुलिस ने जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया तो यह आंदोलन स्टेट लेवल पर और तेज़ किया जाएगा।इस बीच, लुधियाना में पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने आज सुबह 11 बजे पुलिस लाइन में दलित कम्युनिटी के साथ मीटिंग रखी है। पुलिस का दावा है कि मामला जल्द ही सुलझा लिया जाएगा और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।


