चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके साथ ही पंजाब के कई प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थानों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय के संबंधित अधिकारियों को एक ईमेल प्राप्त हुई।
ईमेल भेजने वाले ने धमकी दी है कि वह सचिवालय की इमारत में बम विस्फोट करेगा। सचिवालय के अलावा इस धमकी भरे ईमेल में पंजाब के कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थानों पर हमले करने की बात कही गई है।धमकी की गंभीरता को देखते हुए कानून प्रवर्तन और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर जांच शुरू कर दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


