ईरान से बातचीत के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अस्पताल में भर्ती हुए हैं. इजरायली पीएमओ के मुताबिक, डेंटल कारण से भर्ती कराया गया. टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर बताया कि नेतन्याहू को हदासा ऐन केरेम मेडिकल सेंटर ले जाया गया है, जहां उनका दांत से जुड़ा इलाज चल रहा है।
हालांकि इलाज किस प्रकार का है, इसकी पूरी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि नेतन्याहू की हालत फिलहाल ठीक है और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।76 वर्षीय बेंजामिन नेतन्याहू का स्वास्थ्य पिछले कुछ समय से चर्चा में रहा है. पिछले महीने उन्होंने एक लंबी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि उनके प्रोस्टेट में एक घातक ट्यूमर पाया गया था. उन्होंने कहा था कि इसका सफलतापूर्वक रेडिएशन ट्रिटमेंट किया गया।
नेतन्याहू ने यह भी दावा किया था कि उन्होंने यह जानकारी पहले सार्वजनिक नहीं की क्योंकि उस समय ईरान के साथ तनाव और युद्ध जैसी स्थिति थी. उनके अनुसार, दुश्मन देश इस जानकारी का गलत इस्तेमाल कर सकते थे और गलत फायदा उठा सकते थे. इसके बाद उन्होंने अपनी हेल्थ रिपोर्ट भी जारी की थी. साथ ही कैंसर की जांच और इलाज से जुड़ा एक अलग दस्तावेज भी पब्लिक किया गया था।
बीते कुछ सालों में नेतन्याहू कई बार अलग-अलग हेल्थ इशू के कारण इलाज करवा चुके हैं. जुलाई 2023 में उन्होंने पेसमेकर लगवाया था. इसके बाद मार्च 2024 में उनकी हर्निया की सर्जरी हुई थी. दिसंबर 2024 में उनकी प्रोस्टेट ग्लैंड निकालने की सर्जरी भी की गई थी. उन्हें जुलाई 2023 में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया था कि रमात गान के शेबा मेडिकल सेंटर में उन्हें शरीर में पानी की कमी की वजह से निगरानी में रखा गया था. हालांकि बाद में अस्पताल ने स्पष्ट किया था कि उनके शरीर में त्वचा के नीचे एक हृदय मॉनिटर लगाया गया था.


