पंजाब के तीन स्कूल और कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी तब सामने आई जब मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी “शुक्राना यात्रा” के तहत फरीदकोट और कोटकपूरा का दौरा करने वाले थे। धमकी मिलने के बाद, जिला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आई और संबंधित शिक्षण संस्थानों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सादिक के सरकारी गर्ल्स स्कूल, फरीदकोट के दशमेश पब्लिक स्कूल और दशमेश डेंटल कॉलेज को ई-मेल के ज़रिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी शिक्षण संस्थानों को खाली करा लिया और छात्रों को सुरक्षित जगहों पर भेज दिया।पुलिस की टीमें बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से हर कोने की तलाशी ले रही हैं।
पहला सर्च ऑपरेशन सादिक के सरकारी स्कूल में चलाया गया, जबकि फरीदकोट के दोनों शिक्षण संस्थानों में भी पूरी जांच की गई। हालांकि, अभी तक किसी भी जगह से कोई संदिग्ध या प्रतिबंधित चीज़ बरामद नहीं हुई है। इस मामले की जानकारी देते हुए DSP तरलोचन सिंह ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूल और कॉलेजों में चेकिंग शुरू कर दी।
उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि हालात पूरी तरह से कंट्रोल में हैं। DSP तरलोचन सिंह ने यह भी कहा कि बच्चों की सेफ्टी को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बंद कर दिए गए हैं ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। पुलिस धमकी भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद भी ले रही है।


