टीवीके प्रमुख विजय के तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनने की ओर एक कदम और आगे बढ़ गए है। आज उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सूत्रों के मुताबिक, विजय ने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि उनके पास जरूरी समर्थन मौजूद है और शपथ ग्रहण के बाद वे विधानसभा में आसानी से बहुमत साबित कर देंगे।
न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, उन्होंने राज्यपाल को उन दलों और विधायकों के समर्थन की जानकारी भी दी जो उनकी सरकार के पक्ष में है। बैठक के दौरान विजय ने सरकार को स्थिर बनाए रखने को लेकर भी भरोसा जताया। सूत्रों का कहना है कि राज्यपाल अर्लेकर विजय की प्रस्तुति और उनके दावों से संतुष्ट नजर आए। इसके बाद, उन्होंने विजय को औपचारिक रूप से सरकार बनाने का न्योता दे दिया।
राज्यपाल के इस फैसले के साथ ही तमिलनाडु में चल रही राजनीतिक अटकलों पर काफी हद तक विराम लग गया है. अब माना जा रहा है कि जल्द ही नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा. सूत्रों के अनुसार यह समारोह शुक्रवार या शनिवार को चेन्नई में हो सकता है. शपथ ग्रहण समारोह में टीवीके के वरिष्ठ नेता, सहयोगी दलों के प्रतिनिधि और देशभर के कई बड़े राजनीतिक नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।


