जेल में बंद अमृतपाल सिंह पर पंजाब सरकार ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में एक अहम याचिका दायर की है जिसमें अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ जेल में रखने की मांग की गई है।सरकार ने कोर्ट में अपनी बात मजबूती से रखी है। सरकार का तर्क है कि अमृतपाल सिंह को पंजाब की किसी जेल में ट्रांसफर करना या जेल से बाहर लाना राज्य की शांति के लिए बड़ी चुनौती हो सकती है।
सरकार ने यहां तक कहा है कि अगर अमृतपाल बाहर आते है तो पंजाब के हालात बिगड़ सकते हैं।अमृतपाल सिंह पर नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) लगातार बढ़ाया जा रहा है। सरकार चाहती है कि अगर भविष्य में NSA खत्म भी हो जाता है, तो भी सुरक्षा कारणों से उन्हें डिब्रूगढ़ जेल में ही रखा जाए।पंजाब सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि अमृतपाल सिंह के चल रहे मामलों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए की जाएगी।
सरकार ने कोर्ट से सहमति मांगी है ताकि उन्हें फिजिकली पंजाब न लाना पड़े। सूत्रों के मुताबिक, असम सरकार ने भी अमृतपाल सिंह को अपनी जेल में रखने के लिए अपनी सहमति दे दी है। पुलिस के पास अजनाला की घटना और फरारी के दौरान अमृतपाल की गतिविधियों के पक्के सबूत हैं, जिसके कारण सरकार उसके केस को काफी मजबूत मान रही है।


