पंजाब में मौसम का मिजाज़ एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में गरज, बारिश और तेज़ हवाओं के चलने की संभावना है। इसके मद्देनजर विभाग ने पीला अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से हवाएं चल सकती है।
हालाँकि शुक्रवार को मौसम आमतौर पर सूखा रहने की उम्मीद है, लेकिन कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान पहाड़ी इलाकों से लगे पठानकोट और अमृतसर में सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान में कोई बदलाव नहीं आया, जो सामान्य से लगभग 3.8 डिग्री अधिक है।
श्री आनंदपुर साहिब में सबसे ज़्यादा तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग ने 20 मार्च तक राज्य के पूर्वी ज़िलों में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। इस दौरान उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों में दिन का अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस, केंद्रीय क्षेत्रों में 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और
दक्षिणी क्षेत्रों में 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। रात का न्यूनतम तापमान ज़्यादातर जगहों पर 12 से 14 डिग्री सेल्सियस और दक्षिणी क्षेत्रों में 14 से 16 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।


