पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया अभी नाभा जेल में बंद हैं। जेल में उनकी सिक्योरिटी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इंटेलिजेंस एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद पंजाब पुलिस की इंटेलिजेंस विंग ने एक सीक्रेट लेटर जारी कर सतर्क रहने का निर्देश दिया है।
एजेंसियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान के आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) की तरफ से बिक्रम सिंह मजीठिया को टारगेट करने की साजिश रची जा रही है। इस खतरे को देखते हुए स्पेशल DGP (इंटेलिजेंस) ने स्पेशल DGP (सिक्योरिटी) और ADGP (जेल) को तुरंत सिक्योरिटी इंतज़ाम कड़े करने को कहा है।
खुफ़िया लेटर में कहा गया है कि किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। पटियाला AIG (जोनल इंटेलिजेंस) को हालात पर कड़ी नज़र रखने और हेड ऑफिस को पल-पल की जानकारी देने का आदेश दिया गया है।


