मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बुज़ुर्गों की भलाई, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर संवेदनशील एवं सक्रिय है। इसी क्रम में पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज बताया कि बुज़ुर्गों के लिए राज्य-स्तरीय अभियान “हमारे बुज़ुर्ग, हमारा मान” की शुरुआत 16 जनवरी से ज़िला एस.ए.एस. नगर (मोहाली) से की जाएगी।
डा. बलजीत कौर ने बताया कि हर वर्ष 1 अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय बुज़ुर्ग दिवस मनाया जाता है और इसी संदर्भ में पंजाब सरकार द्वारा वर्ष 2023 से “हमारे बुज़ुर्ग, हमारा मान” अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2023 के दौरान लगाए गए शिविरों में 20,110 पंजीकरण किए गए, जिनके अंतर्गत आंखों की जांच, कान-नाक-गला (ईएनटी) जांच, मोतियाबिंद सर्जरी की जांच, चश्मों का वितरण, पेंशन फार्म, सीनियर सिटीजन कार्ड और आयुष्मान कार्ड आदि सुविधाएं प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2026 में भी यह अभियान पूरे राज्य में ज़िला-स्तरीय शिविरों के माध्यम से चलाया जाएगा। इन शिविरों में बुज़ुर्गों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाए, मोतियाबिंद सर्जरी, जेरियाट्रिक जांच, कान-नाक-गला जांच, योग सत्र, कानूनी जागरूकता तथा अन्य आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाएंगी।डा. बलजीत कौर ने जानकारी दी कि बुज़ुर्गों के लिए राज्य सरकार की कार्य योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 786.83 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके तहत निःशुल्क मैडिकल कैंप, एनसीडी एवं डिमेंशिया स्क्रीनिंग, जेरियाट्रिक केयरगिवर्स का प्रशिक्षण तथा राज्य-स्तरीय मीडिया और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बुज़ुर्गों की समस्याओं के समाधान हेतु निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 14567 भी संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बुज़ुर्गों की भलाई, स्वास्थ्य सेवाओं, ओल्ड एज होम्स, डे-केयर सेंटरों, जागरूकता अभियानों और अन्य संबंधित गतिविधियों के लिए पंजाब सरकार द्वारा कुल मिलाकर लगभग 24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जो बुज़ुर्गों के प्रति मान सरकार की सशक्त प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


