अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने हेरोइन और अवैध हथियार तस्करी में शामिल तीन नशा तस्करों को 4.5 किलोग्राम हेरोइन और एक .30 बोर पिस्तौल सहित गिरफ्तार करके सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी कार्टेल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज यहां दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गोपी (23) निवासी गांव शाहवाला (फिरोजपुर), तिलक उर्फ शिबू (18) जो कि राजीव गांधी विहार, जालंधर का निवासी है लेकिन वर्तमान समय में अमृतसर के मुस्तफाबाद में रहता है और दलजीत सिंह उर्फ लाला (20), जो कि गांव नौशहरा ढल्ला का रहने वाला है और वर्तमान समय में अमृतसर के गांव मुस्तफाबाद में रहता है, के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर, वे विभिन्न स्थानों पर हेरोइन और अवैध हथियारों की खेपें लाना-ले जाना और आगे सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।


