पंजाब में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रात के तापमान में 0.1 डिग्री तक की कमी आई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। सबसे कम तापमान आदमपुर में 4.8 डिग्री दर्ज किया गया।
आज रात से एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी सक्रिय हो रहा है।मौसम विभाग ने 19 से 21 दिसंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। कल धुंध के कारण फरीदकोट और बठिंडा में विजिबिलिटी केवल 20 से 40 मीटर तक दर्ज की गई। 20 दिसंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना भी बन रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज अफगानिस्तान से जम्मू-कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र की ओर आ रहा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मौसम में बड़ा बदलाव लाने की संभावना नहीं रखता। हालांकि 20 दिसंबर को एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आएगा, जो मौसम पर असर डाल सकता है। फिलहाल आज मौसम सूखा रहेगा।
इस दौरान हिमाचल से सटे जिलों सहित अमृतसर, तरनतारन, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, संगरूर, लुधियाना, जालंधर और कपूरथला में घने कोहरे की संभावना है।


