भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो लगातार तीसरे दिन क्रू की कमी से जूझ रही है। इसकी वजह से देशभर में एयरलाइन के ऑपरेशन पर बुरा असर पड़ा है। गुरुवार को दिल्ली में अब तक इंडिगो की 30 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं। मुंबई में 85 और हैदराबाद में 33 फ्लाइट्स कैंसिल हुई।
3 दिन में 600 से ज्यादा फ्लाइट्स पर असर पड़ा है।पायलट और केबिन क्रू की कमी समेत ऑपरेशनल दिक्कतों के चलते बुधवार को भी देशभर में सैकड़ों उड़ानें रद्द की गई, जिससे हजारों यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
विमानन क्षेत्र के सूत्रों के मुताबिक, पिछले 3 दिनों में रद्द हुई उड़ानों की कुल संख्या 600 को पार कर गई है।एयरलाइन के काउंटर पर स्टाफ की कमी के चलते यात्रियों को री-बुकिंग और रिफंड की सुविधा में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कई यात्री निराश होकर अपनी यात्रा कार्यक्रम रद्द करके वापस लौट गए।
इस बड़े संकट की मुख्य वजह पायलट्स का अचानक बड़ी संख्या में बीमार पड़ना और फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों के चलते ड्यूटी रोस्टर में गड़बड़ी है।कंपनी के पास तैयार पायलट्स की कमी उस समय खलल पैदा कर रही है, जब यात्रियों का मौसमी आना-जाना चरम पर है।


