पंजाब सरकार ने पीसीएस अधिकारी गुरविंदर सिंह जौहल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वह वर्तमान में रूपनगर में आरटीओ के पद पर तैनात थे। उन पर आरोप है कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी समागम में लाइट एंड साउंड शो के लिए बसें समय पर उपलब्ध नहीं करवाई गई। इस देरी के कारण सरकार ने उनके खिलाफ यह कार्रवाई की है।
रूपनगर के आरटीओ गुरविंदर सिंह जौहल को पंजाब सिविल सेवा नियमों के तहत तुरंत प्रभाव से सरकारी सेवा से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमों के अनुसार गुजारा भत्ता दिया जाएगा। इस दौरान उनका मुख्यालय चंडीगढ़ रहेगा और बिना अनुमति के वे चंडीगढ़ नहीं छोड़ सकेंगे।
श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के लिए श्री आनंदपुर साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिनमें बस सेवाएं भी शामिल हैं। रूपनगर प्रशासन ने शुक्रवार सुबह एक वेबसाइट और ऐप ‘anandpursahib350.com’ लॉन्च की है, जो अब लाइव हो चुकी है।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि ऐप को भी अपडेट किया जा रहा है और अगले 2 से 4 घंटों में इसे उपलब्ध करवा दिया जाएगा। यह ऐप शटल से लेकर बसों, समागमों, टेंट सिटी, ट्रॉली सिटी और ट्रैफिक डायवर्शन की लाइव जानकारी देगी।


