NRI SANJH JALANDHAR (11 MAY)
भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद आज (रविवार) को पीएम नरेंद्र मोदी अपने आवास पर हाईलेवल मीटिंग ले रहे हैं। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीडीएस अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख, एनएसए अजीत डोभाल साथ ही आईबी और रॉ के चीफ मौजूद हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर समझौते पर सीनियर वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पूरा देश भारतीय सेना के साथ है. उन्होंने कहा कि अभी की स्थिति के हिसाब से जल्द संसद का सत्र बुलाना चाहिए। कपिल सिब्बल ने कहा कि पीएम मोदी पहलगाम क्यों नहीं गए, इस पर भी सवाल उठता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द ही ऑल पार्टी मीटिंग बुलानी चाहिए पीएम को सारे सवालों का जवाब देना चाहिए।
सीजफायर पर फिर बोले डोनाल्ड ट्रंप
भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फिर से बयान दिया है। ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर को लेकर दोनों देशों की “साहसिक और निर्णायक” की सराहना करते हुए कहा कि भारत-पाकिस्तान के युद्ध से लाखों निर्दोष लोग मारे जाते। दोनों देशों की आपसी सहमति से ये समझौते हुआ है। मुझे आप दोनों पर गर्व है। हम मिलकर अब कश्मीर का समाधान भी निकल सकते हैं। सोशल मीडिया में की गई एक पोस्ट में ट्रंप ने इस कदम को ऐतिहासिक और मानवीय करार दिया।
शनिवार को सीजफायर के बाद रविवार को अमृतसर प्रशासन ने शांति के बाद जिले में रेड अलर्ट को खत्म कर दिया है और अब जल्द ही सामान्य गतिविधियां शुरू हो जाएंगे। वहीं, अमृतसर एयरपोर्ट के एसीपी यादविंदर सिंह ने कहा, ‘स्थिति शांतिपूर्ण है…कुछ अफवाहें फैलाई जा रही हैं, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा है…अभी स्थिति शांतिपूर्ण है, ड्रोन की कोई गतिविधि नहीं है। लोगों को घबराना नहीं चाहिए। मैं मीडिया से अपील करता हूं कि वे उनके पास आने वाली खबरों की पुष्टि करें और फिर उन्हें दिखाएं।लोगों द्वारा फैलाई जा रही झूठी अफवाहों की पुष्टि करना जरूरी है।


