NRI SANJH JALANDHAR(7 Februrary)
गोंडा से भाजपा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह समेत अन्य लोगों पर डकैती का केस दर्ज होने के बाद इस मामले में नया मोड़ आ या है। सांसद पर केस लिखाने वाले पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश कोर्ट ने दिए हैं। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नासेहा परवीन ने घर में घुसकर लूटपाट करने के पांच आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का आदेश थाना मनकापुर को दिया है। थाना मनकापुर के अंतर्गत मोहल्ला भगतसिंह निवासिनी कुलवंत कौर पत्नी स्व. गुरुदीप सिंह ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नासेहा परवीन के समक्ष इस आशय का प्रार्थना पत्र दिया था।
इसके मुताबिक बीते पंद्रह सितंबर मोहल्ला के ही विपक्षी अमरजीत सिंह उर्फ गुलशन, स्वर्ण पाल सिंह पुत्र गुरुवचन सिंह, गिन्नी उर्फ शरणजीत कौर पत्नी अमरजीत सिंह, सुरेन्द्र कौर पत्नी स्वर्णपाल सिंह तथा मनजीत उर्फ रिम्पी पुत्री स्वर्ण पाल सिंह उसके मकान का ताला तोड़कर घर में रखे पांच लाख रुपए व जेवरात उठा ले गए। इसकी सूचना पुलिस को दी लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय के समक्ष मुकदमा दर्ज करने की फरियाद की है। अदालत ने प्रार्थना पत्र में उल्लिखित घटनाओं का संज्ञान लेते हुए थाना मनकापुर पुलिस को सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया है।
मनकापुर कस्बे में दो पक्षों में मकान को लेकर हुए विवाद के मामले में गोंडा से भाजपा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया सहित 12 नामजद व दर्जनों अज्ञात के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कई गंभीर धाराओं में बीते दिनों एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी मामले में हाईकोर्ट ने मनकापुर के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक और इंस्पेक्टर क्राइम को जिले से हटाने का निर्देश दिया था।


