NRI SANJH JALANDHAR (11 MAY)
मौसम विभाग ने एक तरफ हीट वेव को लेकर पूरे पंजाब में एडवाइजरी जारी की हुई है। वहीं दूसरी तरफ वेस्टर्न डिस्ट्रबेंस के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को सारा दिन जहां तेज धूप ने तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा दिया था। वहीं देर शाम को एक दम से चली तेज हवाओं और बरसात ने गिरावट भी की। मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में शनिवार से मौसम बदलने जा रहा है।
पहाड़ों पर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के कारण इसका असर चंडीगढ़ में भी देखा जाएगा। इसके लिए मौसम विभाग की तरफ से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी साथ में बादल छाए रहेंगे और गरज एवं चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने कल 12 मई, 13 मई और 14 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे शहर के तापमान पर भी असर देखा जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 12 मई को अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस, 13 मई को अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा।
पहले जो तापमान सामान्य से अधिक चल रहा था, वह अब सामान्य से लगभग 0.8 डिग्री सेल्सियस कम हो चुका है। क्योंकि पिछले 24 घंटे में 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। अगर बारिश की बात करें तो 1 मार्च से अब तक 54.7 एमएम बारिश हो चुकी है जो कि सामान्य से 42.1 प्रतिशत ज्यादा है।


