प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 17 जुलाई को जालंधर दौरे पर आ रहे हैं। वहां वे कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।प्रधानमंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
डीजीपी गौरव यादव ने खुद जालंधर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह और अन्य कई जिलों के एसएसपी को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री के वीआईपी दौरे को देखते हुए पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रधानमंत्री के रूट से लेकर घटनास्थल तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी अनहोनी घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए स्निफर डॉग्स और बम निरोधक दस्तों की मदद ली जा रही है।रेलवे स्टेशन पर बढ़ी हुई सुरक्षा और नाकेबंदी के कारण आने-जाने वाले यात्रियों की पूरी तरह जांच की जा रही है।
प्रशासन ने जनता से सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की है। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को बिना किसी रुकावट के पूरा करने के लिए अगले दो दिनों तक स्टेशन परिसर में सख्त सुरक्षा घेराबंदी रहेगी।प्रधानमंत्री के दौरे से पहले कई सड़कें डायवर्ट कर दी गई हैं, जिसके कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।


