पंजाब में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 21 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। अगले तीन दिन बारिश के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन 13 जुलाई के बाद मानसून की गति कमजोर पड़ने की संभावना है।
इसके कारण मौसम फिर से सूखा हो सकता है और तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि देखने को मिलेगी।चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों को मौसम को ध्यान में रखते हुए सावधान रहने की सलाह भी दी है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बारिश प्रभावित क्षेत्रों में मौसम काफी सुहावना रहा।मौसम विभाग के अनुसार, 10 से 12 जुलाई तक पंजाब के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
हालांकि 13 से 15 जुलाई के दौरान बारिश की गतिविधि में काफी कमी आ सकती है और केवल कुछ जगहों पर ही छिटपुट बारिश के आसार हैं। इसके बाद राज्य में मौसम अपेक्षाकृत सूखा रहने और दिन के तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है।


