बटाला के निकट गांव हरदो झंडे में फिरौती की कथित मांग को लेकर देर रात गोलीबारी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात व्यक्तियों ने घर के मुख्य गेट पर लगभग पांच राउंड फायर किए और इसकी वीडियो बनाकर परिवार के बेटे को भेज दी।पीड़ित परिवार के मुखिया लखबीर सिंह पुत्र दर्शन सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया
कि वीडियो के साथ कथित तौर पर धमकी दी गई कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उसके पिता को जान से मार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि धमकी में यह भी कहा गया कि अगर वे घर पर गोली चला सकते हैं तो परिवार को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।घटना के बाद परिवार की ओर से तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही थाना सदर बटाला की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई।एस.एच.ओ. सदर विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस को गांव हरदो झंडे में लखबीर सिंह के घर पर गोली चलने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा कर रही है और मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इधर लखबीर सिंह ने बटाला पुलिस से अपने और अपने परिवार के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि धमकी के बाद पूरा परिवार डर और सहम के माहौल में है।


