नागपुर के रहने वाले एक स्टूडेंट को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने NEET री-एग्जाम का सेंटर अबूधाबी में दिया है. छात्र का कहना है कि उसके पास ना तो पासपोर्ट है और ना परिवार के पास विदेश भेजने के पैसे हैं. अब इस मामले में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी का रिएक्शन सामने आया है।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘नागपुर का एक बच्चा एक महीने से NEET re-exam की तैयारी कर रहा था. कल परीक्षा से ठीक एक दिन पहले उसने एडमिट कार्ड डाउनलोड किया. उसका सेंटर निकला – अबू धाबी.’उन्होंने कहा कि न तो छात्र के पास पासपोर्ट है और न परिवार के पास विदेश भेजने के पैसे और न ही अब कोई वक़्त बचा है।
वो रातभर रोता रहा और परीक्षा देने से ही मना कर रहा है – क्या इस तनाव की कल्पना भी की जा सकती है ?वहीं इस मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. एनटीए ने कहा कि इस शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है और जरूरी जांच-पड़ताल के बाद, अगले कुछ घंटों में कैंडिडेट को नागपुर में एक सेंटर अलॉट कर दिया जाएगा.


