अमेरिका में एक पंजाबी नौजवान ने अपनी माता-पिता और नानी को गोली मारकर हत्या कर दी है।स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, भारतीय मूल के 19 वर्षीय विद्यार्थी पर 17 जून को वर्जीनिया में हुई एक दुखद पारिवारिक घटना में अपने माता-पिता और नानी की गोली मारकर हत्या का आरोप है।पुलिस ने आरोपी की पहचान गौरव चोपड़ा के रूप में की है, जो यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास रियो ग्रांडे वैली का विद्यार्थी है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, गौरव चोपड़ा ने अपने वर्जीनिया स्थित घर के अंदर गोलीबारी की और फिर मौके से फरार होने की कोशिश की। इस हमले में उसकी माता कमलेश रानी (46), पिता सीता राम (56) और दादी महिंदर कौर (73) के सिर में गोली लगने से मौत हो गई। तीनों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।घटना के दौरान गौरव के 21 वर्षीय भाई साजन को भी निशाना बनाया गया था,
लेकिन वह भाग्यशाली रूप से बच निकला और उसे कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा।पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी कार से फरार हो गया। बचे हुए भाई से जानकारी मिलने के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया। फरार होने के दौरान गौरव चोपड़ा एक सड़क हादसे का भी शिकार हुआ। अधिकारियों ने बताया कि हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार में भी गड़बड़ी आ गई थी,
जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।मृतक परिवार का संबंध पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) जिले से बताया जा रहा है। भारत में रहने वाले रिश्तेदारों के अनुसार यह परिवार पिछले दो दशकों से अधिक समय से अमेरिका में रह रहा था और लगभग पांच महीने पहले अपने मूल गांव भी आया था।फिलहाल पुलिस ने हत्याओं के कारणों के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजह की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के दौरान इस बारे में और जानकारी सामने आ सकती है।


