LPG, CNG, दूध और पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी के बाद बढ़ती महंगाई का विरोध शुरू हो गया है. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसके विरोध में 1.2 करोड़ गिग वर्कर्स ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है. 16 मई , शनिवार को देशभर में गिग वर्कर्स की हड़ताल रहेगी
गिग एवं प्लेटफॉर्म सर्विस वर्कर्स यूनियन (GIPSWU) ने तेल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध का ऐलान किया GIPSWU यूनियन का कहना है कि वो ऐप बेस्ड सर्विस को कुछ देर के लिए अस्थाई बंद रखकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने ऐप सर्विस को 12:00 PM से 5:00 PM तक बंद रखने का फैसला किया है. इस देशव्यापी हड़ताल में स्विगी, जोमैटो, ब्लिकिंट, जेप्टो, ओला, उबर, रैपिडो में काम करने वाले करोड़ों गिग वर्कर्स शामिल होंगे।
तेल के दाम में बढ़ोतरी होने से उनके ऊपर खर्च का बोझ बढ़ा है. गिग वर्कर्स पूरी तरह से बाइक और स्कूटर पर निर्भर हैं. ऐसे में ईंधन के दाम बढ़ने से उनकी रोज की कमाई पर भारी असर पड़ा है. यूनियन का कहना है कि उनके प्रति किलोमीटर सर्विस रेट में बढ़ोतरी की जाए, ताकि वो तेल के बढ़े दामों के बीच अपना गुजारा कर सके. गिग वर्कर्स चाहते हैं कि तेल के दाम बढ़ने के बाद कम से कम 20 रुपये प्रति किलोमीटर सर्विस रेट तय किया जाए. उन्होंने सरकार से गुहार लगाई है किगिग वर्कर्स के भुगतान बढ़ाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।


