पंजाब में 8वीं कक्षा में टॉप करने वाली तीन विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुलाकात की है। तीनों विद्यार्थियों को उनके परिवारों समेत मुख्यमंत्री के निवास पर मेहमान के तौर पर आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी डा. गुरप्रीत कौर भी मौजूद थी।मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बातचीत की और उनके अनुभवों के बारे में जाना।
फिर उन्हें सम्मानित किया गया।पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पी.एस.ई.बी.) के चेयरमैन डा. अमरपाल सिंह, शिक्षा विभाग की सचिव सोनाली गिरी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।इस दौरान मुख्यमंत्री ने हर बच्चे से उनके अनुभवों के बारे में बात की और उनके माता-पिता को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपनी पढ़ाई लगन से जारी रखें।
काम इस तरह करें कि उनका दूसरा विकल्प न बन सके। यह कार्यक्रम लगभग आधा घंटा चला।पी.एस.ई.बी. ने शुक्रवार को 8वीं कक्षा के नतीजे घोषित किए। 10,422 स्कूलों के कुल 2,62,966 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से 2,53,789 छात्र सफल (प्रमोट) हुए। कुल पास प्रतिशत 96.51% रहा।सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल जैतो (फरीदकोट) की तमन्ना ने 600 में से 600 (100%) अंक प्राप्त करके पहला स्थान हासिल किया।
सरकारी मिडिल स्कूल अरकवास (संगरूर) की जपनीत कौर ने 600 में से 598 (99.67%) अंक प्राप्त करके दूसरा स्थान हासिल किया।संत मोहन दास मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कोट सुखिया (फरीदकोट) की जश्नदीप कौर ने 600 में से 598 (99.67%) अंक प्राप्त करके तीसरा स्थान हासिल किया।


