जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने खुरला किंगरा इलाके में पंजाब नैशनल बैंक (PNB) में दिनदहाड़े हुई लूट को सिर्फ़ 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। पुलिस ने जालंधर के पॉश ग्रीन मॉडल टाउन इलाके के रहने वाले मुख्य आरोपी सिमरनजीत सिंह उर्फ अमरीक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रिटायर्ड DSP हरभजन सिंह का बेटा है।
पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और लूटे गए कुछ पैसे बरामद किए हैं, जबकि उसके दूसरे साथियों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि एक पूर्व डीएसपी के बेटे ने नशे की लत के चलते यह वारदात की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जानबूझकर अपनी एक्टिवा स्कूटर से खांबरा की तरफ चला गया। इसके बाद उसने कपड़े बदले और दूसरे रास्ते से वापस आ गया।
पुलिस ने 50 से ज़्यादा C.C.T.V. कैमरों की फुटेज खंगाली और इसी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिमरजीत सिंह उर्फ अमरीक सिंह बेटे हरभजन सिंह के तौर पर हुई है, जो जालंधर के थाना डिवीजन नंबर-6 के ग्रीन मॉडल टाउन के मकान नंबर-577 का रहने वाला है।
पुलिस टीम ने आरोपी के पास से एक रिवॉल्वर, 3 जिंदा कारतूस और कुछ कैश बरामद किया है।सीपी धनप्रीत कौर ने आगे बताया कि आरोपी सिमरजीत के खिलाफ पहले से दो केस दर्ज हैं, जिनमें से एक N.D.P.S. एक्ट का केस है। इस केस में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है,
दूसरे आरोपी को पकड़ने के लिए अभी रेड की जा रही है, जिसके जल्द ही गिरफ्तार होने की उम्मीद है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-7 में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। फिर पूछताछ के दौरान बाकी चोरी हुए कैश को बरामद करने की कोशिश की जाएगी।


