होशियारपुर जिले के गढ़शंकर के गांव रसूलपुर में शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे खेल मैदान में क्रिकेट खेल रहे नौजवानों पर आसमान से बिजली गिरने के कारण एक नौजवान की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन नौजवानों को गंभीर हालत में इलाज के लिए नवांशहर के राजा अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार आज छुट्टी होने के कारण तरनवीर सिंह पुत्र उंकार राम निवासी रसूलपुर अपने साथियों के साथ खेल मैदान में क्रिकेट खेल रहा था कि अचानक आसमान से बिजली गिर गई, जिससे तरनवीर की मौके पर ही मौत हो गई और उसके दो साथी जसप्रीत सिंह (17) पुत्र लछमन राम तथा अंशप्रीत सिंह (18) पुत्र मुखतियार राम गंभीर रूप से घायल हो गए।तरनदीप की मृतक देह को सरकारी अस्पताल गढ़शंकर की मोर्चरी में रखवा दिया गया,
जबकि बाकी दोनों को नवांशहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है। गांववासियों ने बताया कि गांव रसूलपुर के करीब एक दर्जन नौजवान गांव बक्कापुर में स्थित खेल मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। उन्होंने बताया कि करीब साढ़े 11 बजे तेज बिजली चमकी, जिसके बाद उन्हें सूचना मिली कि उक्त बिजली खेल मैदान में क्रिकेट खेल रहे नौजवानों पर गिर गई है।


