पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने एक बार फिर खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह मामले में सुनवाई की है। कोर्ट ने संसद के बजट सत्र में शामिल होने के लिए दायर उनकी पैरोल अर्जी खारिज कर दी है। अमृतपाल सिंह के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि वह खडूर साहिब से चुने हुए सांसद हैं और वह संसद में सरकार के सामने अपने निर्वाचन क्षेत्र की मांगें और समस्याएं उठाना चाहते हैं।
हालांकि, पंजाब सरकार ने इस याचिका का विरोध किया। सूत्रों के मुताबिक, सरकार की ओर से पेश वकीलों ने दलील दी कि अमृतपाल सिंह पर NSA लगाया गया है। हाई कोर्ट ने सरकार की दलीलों से सहमत होते हुए पैरोल अर्जी खारिज कर दी।
गौरतलब है कि इससे पहले केंद्र सरकार ने साफ कर दिया था कि अमृतपाल सिंह को पैरोल देने का मामला पूरी तरह से पंजाब सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है। अमृतपाल सिंह ने पहले भी पैरोल के लिए कई याचिकाएं दायर की हैं, लेकिन हर बार उनकी अर्जी खारिज कर दी गई है।


