काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) जालंधर ने उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अंतर-राज्यीय अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। उनके कब्जे से 7.65 एमएम की 10 देसी पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद की गई हैं। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलेश कुमार उर्फ सौरव कुमार उर्फ नन्नू निवासी पांदापुर, अलीगढ़ (यूपी) और अमित चाहर निवासी बसेरी चाहर, आगरा (यूपी) के रूप में हुई है।यह घटनाक्रम बीकेआई के दो कार्यकर्ताओं सुखविंदर उर्फ सन्नी और रावल को उनके विदेशी हैंडलर जस्सी कुलम के निर्देश पर बलाचौर के पास तीन ग्रेनेड और एक आईईडी खरीदने और रखने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के लगभग एक महीने बाद सामने आया।
बाद में इसी आईईडी का इस्तेमाल हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुए विस्फोट में किया गया था।डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि लगातार जांच के दौरान दोनों आरोपियों को मथुरा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी दलेश कुमार उर्फ नन्नू की ग्रैंड विटारा कार से पांच पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद की गईं। उसके खुलासे के आधार पर मथुरा-पलवल हाईवे से पांच और पिस्तौल तथा 10 मैगजीन बरामद की गई।
इस तरह कुल 10 पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद हुईं।डीजीपी ने बताया कि दोनों यूपी आधारित आरोपी जर्मनी और अमेरिका में सक्रिय विदेशी अपराधियों के इशारे पर काम कर रहे थे, जो पंजाब में आपराधिक गिरोहों को हथियार सप्लाई करते थे। उन्होंने आगे बताया कि ये दोनों आरोपी हथियार खरीदने के साथ-साथ विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर गढ़शंकर में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर फिरौती के लिए फायरिंग की घटना में भी शामिल थे।


