आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया।कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। खास बात यह रही कि भारत ने लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी जीती और पहली बार अपने ही घर में विश्व चैंपियन बना।
बड़ी जीत के साथ टीम इंडिया को न सिर्फ ट्रॉफी मिली, बल्कि मोटी प्राइज मनी भी हासिल हुई।अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस टूर्नामेंट के लिए कुल 13.5 मिलियन डॉलर यानी करीब 120 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड प्राइज पूल तय किया था, जो पिछले संस्करण से लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम को 3 मिलियन डॉलर यानी करीब 27.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली। यह राशि पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड को दी जाएगी और बाद में खिलाड़ियों के बीच बोनस, मैच फीस और अन्य इनाम के रूप में बांटी जाती है।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने फाइनल में 46 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई।


