पंजाब में लोहड़ी तक लोगों को कोहरे का सामना करना पड़ेगा और शीत लहर की संभावना भी बनी रहेगी। मौसम विभाग ने आज, 9 जनवरी के लिए घने कोहरे, शीत लहर और कोल्ड-डे का येलो अलर्ट जारी किया है।पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह सामान्य से 5.5 डिग्री कम है।
अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में कोल्ड डे दर्ज किया गया। अमृतसर में दृश्यता 150 मीटर दर्ज हुई, जबकि बठिंडा 5 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। 8 जनवरी को दोपहर करीब एक बजे के आसपास धूप निकली, जिससे लोगों को कुछ राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 9 से 14 जनवरी तक अलग-अलग जगहों पर घना कोहरा रहने की संभावना है। शीत लहर और कोल्ड डे की स्थिति भी कुछ इलाकों में बनी रह सकती है। लोहड़ी (13 जनवरी) तक सूखा मौसम रहने का अनुमान है, लेकिन ठंड और कोहरे से राहत मिलने के आसार कम हैं। सड़क यात्रा और उड़ानों पर असर पड़ सकता है।


