जलालाबाद के पांच स्कूलों को बम की धमकी मिली है, जो एक ई-मेल के ज़रिए दी गई है। इसके बाद स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन ने धमकी वाले स्कूलों को खाली करा दिया है और बच्चों की छुट्टी कर दी गई है। साथ ही, पेरेंट्स से भी अपने बच्चों को ले जाने को कहा गया है। एहतियात के तौर पर एडमिनिस्ट्रेशन ने जलालाबाद के सभी स्कूल बंद करा दिए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, कॉन्वेंट स्कूल के फादर ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 11:30 बजे एक ई-मेल मिला, जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। दूसरी तरफ, सिटी थाने के SHO मोहित धवन ने बताया कि जलालाबाद के 4 से 5 स्कूलों को बम की धमकी मिली है।
इसके बाद स्कूलों को खाली करा लिया गया है और सर्च ऑपरेशन जारी है।पुलिस साइबर क्राइम टीम की मदद से ईमेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया था और इसके पीछे कौन है।
एडमिनिस्ट्रेशन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों की सिक्योरिटी को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। अभी तक किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध चीज़ या विस्फोटक सामान मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि किसी को भी कोई परेशानी खड़ी करने की इजाज़त नहीं दी जाएगी और पुलिस हर समय जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।


