पंजाब विधानसभा चुनाव में सिर्फ 6 महीने बाकी रहने के कारण भाजपा पूरी तरह चुनाव मोड में आ गई है।उच्च स्तरीय सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्तूबर में पंजाब का तीन दिवसीय दौरा करेंगे। फिलहाल उनके इस कार्यक्रम की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन पार्टी का अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला के आस-पास ही मोदी का कार्यक्रम रखने का विचार है।
मोदी पहले दिन माझे के कई विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो करेंगे और रात को राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मुख्य दफ्तर में आराम करेंगे। हालांकि अभी उनके कार्यक्रम की रूपरेखा बन रही है, लेकिन पार्टी के नेता बठिंडा या पटियाला में उनकी रैली आयोजित करने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व से संपर्क कर रहे हैं। वे बठिंडा से रोड शो करते हुए पटियाला भी आ सकते हैं। पीएमओ और राष्ट्रीय नेतृत्व मिलकर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तैयार कर रहे हैं।
इस दौरान केंद्र की अफसर लॉबी भी काम में जुट गई है। इनका काम यह पता लगाना है कि पीएम अपने दौरे के दौरान किन-किन घोषणाओं का ऐलान कर सकते हैं और चुनाव के लिए जनता के सामने कौन-से वादे रख सकते हैं, जो पूरे हो सकें। पार्टी 19, 20 और 21 को तीन अन्य शहरों से मार्च शुरू करेगी। यह मार्च तलवंडी साबो, केसगढ़ साहिब और फाजिलका से शुरू हो सकते है।
कुछ केंद्रीय मंत्रियों को इनकी अगुवाई का जिम्मा सौंपा जाएगा। इन मार्चों की समाप्ति जालंधर में होगी। उस दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बड़ी रैली के जरिए भाजपा की ताकत दिखाएंगे। इन मार्चों की शुरुआत और अमित शाह की रैली की तारीख के बारे में
मंगलवार को दिल्ली में होने वाली मीटिंग में अंतिम मोहर लगेगी। मीटिंग राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में होगी, जिसमें पंजाब इंचार्ज डा. सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश संगठन मंत्री मंथरी श्रीनिवासुलू हिस्सा लेंगे। इस मीटिंग में अमित शाह भी शामिल हो सकते हैं।


